हमीरपुर। पुलिस थाना हमीरपुर के तहत बुधवार दोपहर बाद एक कार और मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर हो गई। कार से टकराने के बाद मोटरसाइकिल सड़क किनारे बनी निकासी नाली में जा गिरा। इससे बाइक सवार युवक को गंभीर चोटें आई हैं। बाइक सवार युवक डिग्री कॉलेज हमीरपुर में सेवारत कालेज प्राध्यापक का बेटा है। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
बुधवार शाम पौने तीन बजे कार चालक हीरानगर से हमीरपुर शहर आ रहा था, जबकि मोटरसाइकिल सवार हमीरपुर से हीरानगर की तरफ जा रहा था। इस दौरान डांगक्वाली रोड पर डीएफओ कार्यालय के बाहर दोनों वाहनों में टक्कर हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन, दोनों पक्षों ने आपसी समझौता कर लिया और पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई। हालांकि करीब आधा घंटा डांगक्वाली रोड पर वाहनों की आवाजाही बाधित रही। लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचने के बाद मार्ग को यातायात के लिए बहाल कर दिया। उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह ने कहा कि दोनों पक्षों में समझौता होने के चलते मुकदमा दर्ज नहीं हुआ।