हमीरपुर। रक्षाबंधन के लिए इस बार डाक विभाग मंडल हमीपुर के लिए छह हजार स्पेशल लिफाफे आएंगे। डाक मंडल हमीरपुर ने विभाग को इन छह हजार स्पेशल लिफाफों की डिमांड भेजी है। यह विशेष लिफाफे वाटरप्रूफ होंगे। साथ ही यह मुड़ेंगे और खराब नहीं होंगे। पिछले वर्ष भी विभाग ने उपभोक्ताओं को ऐसे ऐनवल्प उपलब्ध करवाएं हैं ताकि, बहनें दूरदराज के क्षेत्रों में तैनात या नौकरी करने गए भाइयों को सुरक्षित राखी पहुंचा सकें। मंडल हमीरपुर ने विभाग को इस बार ऐसे लिफाफों की डिमांड भेजी है। संबंधित कंपनी को विभाग ने आर्डर दे दिया है। आगामी पांच दिनों में यह लिफाफे डाक विभाग कार्यालय हमीरपुर में पहुंच जाएंगे।
इसके साथ ही उपभोक्ता छठे दिन ऐसे लिफाफों को कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं। 26 अगस्त को देश में रक्षाबंधन का त्योहार मनाया जाएगा। ऐसे में डाक विभाग दूर दराज के क्षेत्रों में स्थित भाइयों को डाक के माध्यम से राखी उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। डाक विभाग मंडल हमीरपुर के तहत हमीरपुर और बिलासपुर जिला आता है। यह स्पेशल लिफाफे इन दोनों जिलों के डाकघरों में उपलब्ध रहेंगे। उपभोक्ता लिफाफे प्राप्त कर इसमें राखी दूर-दराज के क्षेत्रों में भेज सकते हैं। इस संबंध में प्रवर अधीक्षक डाक विभाग मंडल हमीरपुर भवानी प्रसाद का कहना है कि इस बार विभाग को छह हजार स्पेशल लिफाफों की डिमांड भेजी गई है। पांच दिन में यह स्पेशल लिफाफे मंडल के डाकघरों में उपलब्ध हो जाएंगे।