हमीरपुर। हिम अकादमी पब्लिक स्कूल विकासनगर के छात्र शुभम ने थाइलैंड में आयोजित स्टूडेंट ओलंपिक की बैडमिंटन स्पर्धा में पाकिस्तान के खिलाड़ी को फाइनल में हराकर स्वर्ण पद हासिल किया है। मंगलवार को शुभम का विद्यालय पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। विद्यालय के चेयरमैन प्रो. आरसी लखनपाल, सह चेयरमैन सीपी लखनपाल, निदेशक पंकज लखनपाल, प्रधानाचार्य नैना लखनपाल एवं अकादमिक प्रधानाचार्य डॉ. हिमांशु शर्मा सहित विद्यालय स्टाफ ने छात्र को बधाई दी है। शुभम ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, अध्यापकों, कोच कमल शर्मा, नेशनल कोच विशाल, संजय कुमार और राजेश कुमार को दिया है।
शुभम ने इससे पूर्व श्रीलंका, मलेशिया, थाइलैंड के खिलाड़ियों को पूर्व के मैचों में शिकस्त दी। फाइनल में पाकिस्तान के आतिफ अली खान को 21-6, 21-2 से सीधे सेटों में करारी शिकस्त दी और भारत को स्वर्ण दिलवाया। छात्र ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने प्रदेश व विद्यालय का नाम रोशन किया है। शुभम ने स्टूडेंट ओलंपिक प्रतियोगिताओं के तहत जिला स्तरीय, राज्यस्तरीय एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इसके फलस्वरूप उसका चयन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 29 एवं 30 जुलाई को थाइलैंड में आयोजित की गई।