जाहू (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के अंतर्गत जाहू कस्बे के साथ लगती सीर और सुनैहल खड्ड में हो रहे अवैध खनन को रोकने के लिए ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा और शिक्षामंत्री सुरेश भारद्वाज ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। भोरंज के भरेड़ी और घुमारवीं के हटवाड़ में हाल ही में आयोजित जनमंच कार्यक्रम में लोगों ने अवैध खनन के मुद्दे को उठाया था। जनमंच कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने प्रशासन और खनन अधिकारी को आदेश दिए कि बिलासपुर और हमीरपुर जिले के खनन अधिकारी मिलकर जाहू में खनन को रोकने का काम करें ताकि, ग्रामीणों की उपजाऊ जमीन खनन की भेंट चढ़ने से बच सके।
सीर और सुनैहल खड्ड जाहू कस्बे में इकट्ठी हो जाती है। इन दोनों खड्डों में सरेआम सुबह से लेकर शाम तक रेत, बजरी और पत्थर निकालने का कार्य पूरे जोरों पर जारी है। इन खड्डों के किनारे किसानों की उपजाऊ भूमि सिंचाई सुविधाओं के अभाव से खत्म हो चुकी है। इससे भूमि बंजर बनती जा रही है। वहीं, हर बरसात में भूमि कटाव हो रहा है। इस संबंध में शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज का कहना है कि खनन के बारे में रिपोर्ट मांगी गई है। अवैध खनन करने वालों के खिलाफ खनन विभाग को सख्ती से निपटने के निर्देश दिए गए हैं।