हमीरपुर। जिला मुख्यालय से पांच किलोमीटर दूरी पर स्थित बरोहा कस्बा में समयसारिणी को लेकर निजी बस ऑपरेटर और एचआरटीसी के कर्मचारियों में विवाद हो गया। मामला शुक्रवार सुबह करीब पौने ग्यारह बजे का है। जब भोरंज से हमीरपुर की तरफ आ रही दोनों बसें बरोहा के पास इकट्ठी हो गईं। ऐसे में एक बस पास लेने तो दूसरी बस पास न देने के चक्कर में यात्रियों के समय को नुकसान पहुंचाती रही। बरोहा के पास एक बस चालक ने सड़क के बीचों बीच दूसरी बस के आगे बस को खड़ा कर दिया। करीब पांच मिनट बस चालक ने बस को सड़क के बीचों बीच ही खड़ा रखा।
ऐसे में निजी बस आपरेटरों और निगम कर्मियों के बीच टाइमटेबल को लेकर तू-तू, मैं-मैं होने लगी। वहीं दोनों बसों के सड़क के बीचों बीच खड़े होने से अन्य वाहन चालकों को भी परेशानी हुई और बसों के पीछे अन्य वाहनों की भी कतार लग गई। वहीं, इस संबंध में डिप्टी डीएम हमीरपुर अनूप राणा का कहना है कि इस बारे में कोई भी शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। अगर शिकायत आती है तो मामले की छानबीन की जाएगी।