सुजानपुर(हमीरपुर)। उपमंडल प्रशासन के निर्देशानुसार कूड़े कचरे को ठिकाने लगाने के लिए डंपिंग साइट बनाने गए नगर परिषद सुजानपुर प्रशासन को विरोध का सामना करना पड़ा है। नप ने ग्राम पंचायत जोल के गांव थाती में डंपिंग के लिए भूमि चयनित की थी, लेकिन पंचायत क्षेत्र में डंपिंग साइट बनने पर स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण भड़क गए। पंचायत प्रधान कुसम देवी ने कहा कि इससे ग्रामीणों के लिए ज्वलंत समस्या पैदा होगी। नगर परिषद सुजानपुर जहां पहले कचरा फेंकती थी वहां एनजीटी ने पाबंदी लगा दी है। नगर परिषद को शहर भर के रोजाना के कचरे को ठिकाने लगाना आफत बन गया है।
प्रशासन ने पंचायत जोल के गांव थाती मेें जगह का निरीक्षण किया था। नगर परिषद की टीम ईओ केएल ठाकुर की अगुवाई में भूमि समतल करने के लिए जेसीबी ले गई थी, लेकिन ग्रामीणों को जैसे ही इसकी भनक लगी तो लोगों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। पंचायत प्रधान कुसुम देवी, पार्षद सुमन लता और अमर सिंह ने कहा कि लोग इस रास्ते से जाते हैं और ग्रामीण मवेशियों के लिए घास काटते हैं। यह जगह उचित नहीं है।