नादौन(हमीरपुर)। नगर पंचायत नादौन में दो चोरियों के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस अधिकारियों ने प्रवासियों की झुग्गियाें का दौरा कर उन्हें पहचान पत्र बनाने के निर्देश दिए हैं। नादौन में बीते सप्ताह लगातार दो चोरियां हुई है। इसमें पुलिस अभी तक चोरों को नहीं पकड़ पाई है।
वारदातों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने नादौन और निकटवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले प्रवासी लोगों को पहचान पत्र बनाने के निर्देश दिए हैं। हालांकि पुलिस विभाग समय-समय पर प्रवासियों को पहचान पत्र बनाने के लिए जागरूक करता है। लेकिन इसके बाद भी कुछ प्रवासी पहचान पत्र नहीं बनाते हैं। पुलिस ने प्रवासियों की झुग्गियों का दौरा कर उनके पहचान पत्र जांचे और जिनके पहचान पत्र नहीं बने हैं, उन्हें पहचान पत्र बनाने के आदेश दिए। इस संबंध में अतिरिक्त थाना प्रभारी राजेश कुमार का कहना है कि प्रवासी लोगों को हिदायत दी गई कि जो प्रवासी समय रहते थाने में अपना नाम दर्ज नहीं करवाएंगे, उन पर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।