जाहू(हमीरपुर)।
स्थानीय कस्बे में अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं। कस्बे में दुकानदारों की ओर से सड़कों पर सजाया सामान राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। सब्जी विक्रेताओं ने निकासी नालियों और सड़कों पर सब्जियां सजाई हुई हैं। एक तरफ सड़क पर दुकानदारों ने अतिक्रमण कर रखा है और दूसरी तरफ बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े रहने की वजह से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। अतिक्रमण और बेतरतीब वाहनों के कारण कस्बा में रोजाना जाम लग रहा है।
कस्बे में पार्किंग सुविधा भी नहीं है। इस कारण वाहन चालक सड़क किनारे ही अपनी गाड़ियों को पार्क कर देते हैं। इससे समस्या और भी गंभीर बन जाती है। हालांकि पुलिस भिाग अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों और बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े करने वाले वाहन चालकों के चलान भी काटती है। इसके बावजूद दुकानदार सड़क पर सामान रखने व वाहन चालक सड़क पर वाहन खड़े करने से बाज नहीं आ रहे हैं।
जाहू व्यापार मंडल के प्रधान सूरत सिंह चौहान का कहना है कि जाहू में पार्किंग न होने की वजह से वाहन चालकों को अपने पार्क करने में दिक्कत आती है। जाहू पुलिस चौकी प्रभारी तेन सिंह का कहना है कि सड़क पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। सड़क पर वाहन खड़े करने वालों के चलान काटे जाते हैं। उन्होंने कहा कि नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।