सीसीटीवी खंगालने में जुटी पुलिस, मामले में छानबीन जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। पुलिस थाना हमीरपुर के तहत हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में हुई सड़क दुर्घटना में एक लड़के की मौत हो गई है। मृतक की पहचान दडूही के अविकास के रूप में हुई है। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पुलिस घटनास्थल के साथ लगे सीसीटीवी को भी खंगाल रही है।
मामला गत रात्रि करीब साढ़े नौ बजे का है। 17 साल का अविकास स्कूटी में एक अन्य लड़के साथ जा रहा था। इस दौरान नालटी बाईपास सड़क के समीप हाउसिंग बोर्ड कालोनी में स्कूटी अनियंत्रित हो गई, जिस कारण वे दोनों गिर गए।
आशंका व्यक्त की जा रही है कि पुल की ग्रिल का कुछ हिस्सा अविकास के पेट में घुस गया। अविकास को घायल अवस्था में मेडिकल कॉलेज हमीरपुर लाया गया। यहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया, लेकिन इस दौरान उसकी मौत हो गई है। यह युवक हाल ही में नशा मुक्ति केंद्र से घर लौटा था। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम भी पहुंची। उन्होंने यहां पर साक्ष्य जुटाए। वहीं, पुलिस की ओर से सीसीटीवी की जांच की जा रही है। स्कूटी में सवार अन्य युवक से भी पूछताछ की जा रही है। उसके बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
कोट
-हाऊसिंग बोर्ड कॉलोनी में सड़क दुर्घटना में एक लड़के की मौत हुई है। फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया है। पुलिस
सीसीटीवी को खंगाल रही है। मामले में छानबीन जारी है।-भगत सिंह ठाकुर, एसपी हमीरपुर।