हमीरपुर। कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर में संक्रमण की शृंखला तोड़ने के लिए मास्क पहनने, उचित दूरी, सैनिटाइजेशन जैसी सावधानियों समेत एसओपी की अनुपालना सुनिश्चित करवाने के लिए जिला प्रशासन पूर्ण रूप से सक्रिय है। पुलिस प्रशासन की ओर से बिना मास्क बाहर घूम रहे लोगों के चालान भी काटे जा रहे हैं। मंगलवार सुबह से लेकर बुधवार प्रात: तक पुलिस ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मास्क न पहनने पर 34 लोगों के चालान काटे।
उनसे लगभग 17 हजार रुपये की राशि भी जुर्माने के रूप में वसूल की गई। शादी समारोह आदि के दौरान निगरानी के लिए भी जिले में कड़ी व्यवस्था की गई है। इसके लिए उपमंडल स्तर पर गठित उड़नदस्तों (फ्लाइंग स्क्वायड) ने गत दिवस लगभग 65 समारोहों का निरीक्षण किया। इस दौरान नियमों की अवहेलना का कोई भी मामला सामने नहीं आया है। उपायुक्त देवश्वेता बनिक ने सभी लोगों से आग्रह किया है कि वे इस महामारी की शृंखला तोड़ने के लिए अनावश्यक रूप से घरों से बाहर बिल्कुल न निकलें।