आतंकवाद के खात्मे तक हो पाकिस्तान में
घुसकर मारने की कार्रवाई : पूर्व सैनिक
पुलवामा हमले का मुंहतोड़ जवाब देने की पूर्व सैनिकों ने की प्रशंसा
कहा, सेना को अब पाकिस्तान के अंदर जाकर करनी चाहिए कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सैनिकों पर हुए आतंकी हमले का बदला लेते हुए भारतीय वायु सेना की ओर से मंगलवार तड़के पाकिस्तान के बालाकोटा सहित अन्य क्षेत्रों में की गई कार्रवाई का जिला के पूर्व सैनिकों ने स्वागत किया है। भारतीय वायु सेना की ओर से की गई कार्रवाई पर पूर्व सैनिकों ने खुशी जाहिर की है। पूर्व सैनिकों ने कहा कि अगर उनकी जरूरत पड़ी तो वे आज भी लड़ाई में जाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि पुलवामा में आतंकी हमले में देश के जो वीर जवान शहीद हुए हैं उनकी शहादत का बदला लेना जरूरी था।
सैनिकों ने कहा कि पाकिस्तान को जवाब देना आवश्यक था। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई तब तक होनी चाहिए, जब तक आतंकवाद का खात्मा नहीं हो जाता। सैनिकों ने कहा कि पाकिस्तान के अंदर जाकर भी यह कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान चेतावनी के बावजूद भी नहीं मान रहा था। लगातार सीमाओं पर आतंकी हमले हो रहे थे। पाकिस्तान कभी शांति की बात करता ही नहीं है। भारतीय वायु सेना ने पुलवामा हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया है। सैनिकों ने कहा कि पाकिस्तान के सभी आतंकवादी संगठनों को अब खत्म कर देना चाहिए।
क्या कहते हैं पूर्व सैनिक
लातों के भूत बातों से नहीं मानते : शिव
भारतीय वायु सेना से सेवानिवृत्त सर्जेंट शिव कुमार ने कहा कि भारतीय वायुसेना की कार्रवाई काबिले तारीफ है। पाकिस्तान की जो बीमारी है, इसका इलाज होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि लातों के भूत बातों से नहीं मानते हैं। उन्होंने इस कार्रवाई की प्रशंसा की है।
दोबारा सेना में जाने को तैयार : चौहान
भारतीय सेना से सेवानिवृत्त सूबेदार बीएस चौहान ने कहा कि पुलवामा हमले के 12 दिन के बाद जो कार्रवाई की गई यह एक बेहतरीन पहल है। पाकिस्तान हर हद पार कर रहा था। उन्होंने कहा कि अगर उनकी जरूरत पड़ी तो वह दोबारा सेना में जाने को तैयार हैं। वह भारतीय सेना के साथ कंधा से कंधा मिलाकर खड़े हैं।
पाकिस्तान को भुगतना पड़ेगा खामियाजा: गुप्ता
भारतीय सेना से सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल एसएस गुप्ता ने कहा कि पुलवामा हमले का जवाब पाकिस्तान को देना काफी जरूरी था। पाकिस्तान चेतावनी देने के बाद भी नहीं मान रहा था। इसका खामियाजा पाकिस्तान को अब भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पुलवामा हमले में जो मौतें हुई हैं। वह काफी निदंनीय घटना है।
और आगे घुसकर हो कार्रवाई : मोहम्मद
भारतीय सेना से सेवानिवृत्त कैप्टन आते मोहम्मद ने कहा कि भारतीय वायुसेना ने पुलवामा हमले का बदला लेते हुए पाकिस्तान पर प्रशंसनीय कार्रवाई की है। सेना को अब और आगे घुसकर कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पाकिस्तान को अच्छा जवाब दिया है।
दोबारा हो ऐसी कार्रवाई
भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हवलदार जशमेर सिंह ने कहा कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के 44 वीर जवान शहीद हुए हैं। इनकी शहादत बेकार नहीं जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी ही कार्रवाई दोबारा होनी चाहिए, ताकि आतंकवाद का खत्म हो सके। जावांज सैनिकों को सलाम : अनिल
भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हवलदार अनिल कुमार ने कहा कि चुनाव से पहले मोदी सरकार ने जो यह कार्रवाई की है, यह सही कार्रवाई की है। वायु सेना की इस कार्रवाई पर जांबाज सैनिकों को सैल्यूट। उन्होंने कहा कि आज एक्टर राजकुमार का डायलोग याद आ रहा है कि हम तुम्हें मारेंगे और जरूर मारेंगे, लेकिन वो बंदूक भी हमारी होगी, गोली भी हमारी होगी और समय भी हमारा होगा, बस जमीन तुम्हारी होगी।