हमीरपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टौणीदेवी में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को मिड डे मील में कीड़े युक्त भोजन परोसा जा रहा है। जिससे इस स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। चावल और दलहन में कीड़े पड़े हुए हैं। इस भोजन का सेवन करने वाले बच्चे बीमार पड़ सकते हैं। मिड डे मील वर्कर्स ने स्कूल प्रिंसिपल से इसकी शिकायत की है।
प्रिंसिपल को भेजी शिकायत में मिड डे मील वर्करों ने राशन की आपूर्ति और इसकी गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा है कि अगर इस भोजन के सेवन से कोई विद्यार्थी बीमार पड़ता है तो इसकी सारी जिम्मेवारी स्कूल प्रशासन की होगी। वर्तमान में टौणीदेवी स्कूल में आठवीं तक 76 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इन विद्यार्थियों को रोजाना दोपहर का भोजन परोसा जाता है। उधर, स्कूल प्रिंसिपल वंदना धीमान ने आरोपों को नकारते हुए कहा कि कुछ लोग झूठी अफवाहें फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उचित मूल्य की दुकानों से गुणवत्तापूर्ण राशन खरीदा जा रहा है। दाल और चावल समेत सभी सामग्री की गुणवत्ता सही है। वहीं, उच्च शिक्षा विभाग हमीरपुर के उपनिदेशक सोमदत्त सांख्यान ने कहा कि टौणीदेवी स्कूल में मिड डे मील को लेकर शिकायत मिली है। मामले की जांच की जाएगी।