हमीरपुर। वर्ष 2017-18 के जिला हमीरपुर के दसवीं तथा बारहवीं कक्षा के मेधावी विद्यार्थी जिन्हें शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने 7 अप्रैल 2018 को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (कन्या ) हमीरपुर में लैपटॉप प्रदान किए गए थे, उन सभी को सरकार की ओर से अब डोंगल एवं सिम कार्ड भी प्रदान किए जाएंगे। उप शिक्षा निदेशक (उच्चतर) सोमदत्त सांख्यान ने जिले के सभी सरकारी तथा गैर सरकारी स्कूलों के प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वह यह सुनिश्चित बनाएं कि ये डोंगल तथा सिम कार्ड उन्हीं मेधावी छात्रों को दिए जाएंगे, जिन्हें 7 अप्रैल या इसके बाद लैपटॉप प्रदान किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि टौणी देवी विकास खंड के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी तथा गैर सरकारी स्कूलों के मेधावी छात्रों को डोंगल एवं सिम कार्ड शिक्षा उपनिदेशक (उच्चतर) हमीरपुर के कार्यालय में 23 अगस्त, 2018 को प्रात: 11 बजे से 4 बजे तक प्रदान किए जाएंगे। इसी प्रकार बिझड़ विकास खंड के स्कूलों के छात्रों को 24 अगस्त तथा नादौन विकास खंड के तहत आने वाले स्कूलों के मेधावी छात्रों को 25 अगस्त, 2018 को डोंगल एवं सिम कार्ड शिक्षा उपनिदेशक (उच्चतर) हमीरपुर के कार्यालय में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक वितरित किए जाएंगे। सांख्यान ने जिले के सभी सरकारी तथा गैर सरकारी उच्च एवं वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं के प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वह अपने विद्यालय के किसी अधिकृत सदस्य को प्राधिकृत पत्र सहित छात्रों के आधार कार्ड की प्रतिलिपि फोटो सहित भेजना सुनिश्चित करें।