हमीरपुर। लोकसभा सांसद अनुराग ठाकुर ने जिला के सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र प्रायोजित योजनाओं के तहत निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध पूरा करें। सांसद अनुराग ठाकुर ने बुधवार को हमीर भवन में जिला विकास समन्वयक एवं सतर्कता कमेटी की त्रैमासिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।
उन्होंने नगर परिषद हमीरपुर में केंद्रीय योजना से बने रहे शेल्टर फॉर अर्बन होमलेस प्रोजेक्ट में तेजी लाने के निर्देश दिए ताकि जून माह से पहले इस बहुमंजिला भवन का निर्माण कार्य पूरा हो जाए और जरूरतमंद व गरीब लोगों को शहर में ठहरने की व्यवस्था हो। बहुमंजिला भवन में 50 कमरे बनेंगे, जिसमें 25 पुरुष व 25 महिलाओं के लिए अलग-अलग कमरे होंगे। अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्र और वर्तमान नई सरकार ने लोगों के कल्याण के लिए अनेकों योजनाएं आरंभ की हैं। इन योजनाओं एवं कार्यक्रमों का सुचारु कार्यान्वयन सुनिश्चित करना अत्यंत जरूरी है। उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत सभी पंचायतों में एक थीम प्रोजेक्ट का प्लान तैयार किया जाए ताकि मनरेगा के तहत ग्रामीण विकास को नई दिशा मिल सके। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना गरीब लोगों के साथ जुड़ी हुई है, जिसके चलते इस योजना के बारे में पंचायत स्तर तक जानकारी अवश्य पहुंचाई जाए। सांसद अनुराग ठाकुर योजनाओं एवं कार्यक्रमों के सुधार बारे किसी भी तरह का सुझाव हो तो अवश्य दें ताकि योजनाओं का बेहतर कार्यान्वयन सुनिश्चित हो सके।
सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि बागवानी, कृषि तथा पशुपालन विभागों को युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर की संभावनाओं को तलाशने के लिए उचित कदम उठाने चाहिए ताकि युवाओं को जिला के बाहर रोजगार के लिए पलायन नहीं करना पड़े। इस मौके पर उपायुक्त राकेश प्रजापति, भोरंज की विधायक कमलेश कुमारी, जिला परिषद अध्यक्ष राकेश ठाकुर, एडीएम रतन गौतम, एसडीएम अरिंदम चौधरी, गैर सरकारी सदस्य संजीव एडवोकेट, नगर परिषद अध्यक्ष सुलोचना देवी, रंजना ठाकुर, बीडीसी चेयरमैन सुभाष ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।