हमीरपुर। जिले में बारिश से नुकसान लगातार जारी है। बिजली और सड़क सुविधा बहाल हो गई है, लेकिन बुधवार रात को हुई भारी बारिश ने बड़सर क्षेत्र में जल शक्ति विभाग को खासा नुकसान पहुंचाया है।
वीरवार को दर्जनों पेयजल योजनाओं से जलापूर्ति की बहाली की गई है, लेकिन बुधवार रात की बारिश ने 16 और पेयजल योजनाओं को ठप कर दिया है। इसके अलावा बारिश से टौणीदेवी क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग की तीन सड़कें बाधित हुई थीं। इन सड़कों को दोपहर तक यातायात के लिए बहाल कर दिया गया है। हालांकि बिजली बोर्ड को वीरवार को कोई नुकसान नहीं हुआ है।
बड़सर में 99 गांव पेयजल योजना से पानी लिफ्ट नहीं किया जा सका है। ऐसे में हजारों की आबादी को शुक्रवार को जलापूर्ति नहीं होगी। यहां पर स्रोत में गाद कम होने पर पानी को लिफ्ट किया जाएगा। बड़सर में 8, नादौन में दो, सुजानपुर में दो और भोरंज में चार पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं।
जल स्रोतों में गाद आने के कारण यहां पर पानी लिफ्ट नहीं किया जा सका है। यहां पर ग्वालड़ और कुनाह खड्ड का जलस्तर बढ़ने से पेयजल योजनाएं ठप पड़ गई हैं। यहां पर चार पेयजल योजनाओं के पंप हाउस में पानी और मलबा घुस गया है। इन्हें बहाल करने में दो से तीन दिन लग सकते हैं।
जल शक्ति विभाग को अब तक मानसून की बारिश से 23 करोड़ का नुकसान हुआ है। हमीरपुर टाउन की पेयजल योजना को बहाल कर दिया गया है। वहीं, नादौन टाउन में वैकल्पिक सप्लाई दी जा रही है। इसके अलावा ब्यास के सूचही से भोरंज सधिरयाणा पेयजल योजना भी प्रभावित हुई है। यहां पर बमसन लगबालती पेयजल योजना से वैकल्पिक सप्लाई दी जा रही है। यहां पर 25 के करीब पंचायतें प्रभावित हुई हैं।
छह डंगे ढहे, दो गोशालाओं को नुकसान
जिले में बारिश के चलते छह डंगे ढहने से 1़ 80 लाख का नुकसान हुआ है। दो कच्चे घरों के क्षतिग्रस्त होने से 35 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान है, जबकि तीन गोशालाओं के क्षतिग्रस्त होने से 21 हजार का नुकसान हुआ है।
कोट्स
टौणीदेवी क्षेत्र में तीन संपर्क सड़कें बाधित हुई थीं। इन सड़कों को बहाल कर दिया गया है। वीरवार को जिले में विभाग को 40 लाख रुपये का नुकसान रिपोर्ट हुआ है।
-विजय चौधरी, अधीक्षक अभियंता, पीडब्ल्यूडी हमीरपुर
16 पेयजल योजनाएं बुधवार रात की बारिश से प्रभावित हुई हैं। 12 पेयजल योजनाएं शुक्रवार तक बहाल कर दी जाएंगी। चार पेयजल योजनाओं को बहाल करने में दो से तीन दिन लगेंगे।
-नीरज भोगल, अधीक्षण अभियंता, जल शक्ति विभाग, हमीरपुर
बारी मंदिर के पास गिरा डंगा, पाइप बिखरे
स्थानीय लोग बोले- एनएच निर्माण की कोताही के चलते गिरा डंगा
टौणीदेवी (हमीरपुर)। टौणी देवी के पास बारी मंदिर में जल शक्ति विभाग का करीब बीस मीटर डंगा नेशनल हाईवे नंबर 03 पर आ गिरा। अभी भी इस स्थान पर खतरा बना हुआ है। वाहन चालक जोखिम लेकर यहां से वाहन निकाल रहे हैं।
वहीं, मौके पर जल शक्ति विभाग के अधिकारी पहुंच गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां पर डंगा एनएच निर्माण की कोताही के चलते ढहा है। बरसात में इस डंगे के गिरने को लेकर कई बार विभाग को आगाह किया गया था। इसके बावजूद इस डंगे के ऊपर बड़े पाइप रख दिए गए। पिछले दो दिन से हल्के पत्थर यहां छूट रहे थे। बुधवार रात्रि को यह डंगा गिर गया। यहां पर रखे जल शक्ति विभाग के पाइप भी बिखर गए।
वहीं, कनिष्ठ अभियंता पंकज ठाकुर ने कहा कि पाइप को यहां से हटा दिया गया है। एनएच निर्माण कंपनी के इंजीनियर अंकित कुमार ने बताया कि नेशनल हाईवे से मलबा हटाने के लिए मशीनरी भेजी गई है। यहां पर ट्रैफिक बहाल है।
धनेटा में बहा वैकल्पिक मार्ग, यातायात ठप
धनेटा (हमीरपुर)। देररात से हो रही बारिश से मैहरे-धनेटा सड़क पर बाजार से करीब 200 मीटर की दूरी पर निर्माणाधीन पुल के लिए बना वैकल्पिक मार्ग नाले का जलस्तर बढ़ने से बह गया। लगातार बारिश के चलते वीरवार सुबह यहां पर नाले का पानी वैकल्पिक मार्ग को बहाकर ले गया। इससे यहां पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। पैदल आवागमन निर्माणाधीन पुल से हो रहा है, लेकिन वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। यहां पर निर्माणाधीन पुल की अप्रोच का कार्य किया जाना बाकी है। यह कार्य फिलहाल चल रहा है। वैकल्पिक मार्ग के बहने से यहां पर लोगों को यातायात दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विभाग ने अब निर्माणाधीन पुल के बचे हुए कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश ठेकेदार को दिए है। वहीं, लोक निर्माण विभाग धनेटा के एसडीओ अमन कुमार ने कहा कि जल्द ही पुल के अप्रोच के बचे हुए कार्य को पूरा कर यहां पर यातायात बहाल कर दिया जाएगा।
डिडवीं में सात घंटे बिजली बाधित
डिडवीं टिक्कर (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत टिक्कर डिडवीं के तहत गांव डिडवीं में कोऑपरेटिव सोसायटी के पास बिजली के तारों पर पेड़ गिरने से बिजली बाधित हो गई। सुबह 9:30 बजे के बाद बिजली की सप्लाई बाधित हो गई। शाम 4:00 बजे बिजली की सप्लाई बहाल हुई। स्थानीय लोगों में विजय कुमारी, सुदर्शन, त्रिलोक चंद, विक्की, नीलम आदि ने बोर्ड से आग्रह किया है कि बिजली के तारों तथा खंभों के साथ लगते हुए पेड़ों की समय रहते छंटाई करनी चाहिए, ताकि लोगों को कोई परेशानी न हो। बोर्ड कनिष्ठ अभियंता सन्नी चंदेल ने कहा कि बिजली की सप्लाई बहाल कर दी गई है।
बरसात में भी पनसाई समेत छह गांवों के बाशिंदे प्यासे
धनेटा (हमीरपुर)। हमीरपुर जिले के नादौन उपमंडल के पनसाई समेत छह गांवों के बाशिंदे तीन दिन से पेयजल से वंचित हैं। पनसाई स्थित उठाऊ पेयजल योजना के तहत छह गांवों पनसाई, बेहा, गुजरेहड़ा, अपर बेहा, दोहग और कुड़ियाला में सप्लाई होती है। पनसाई गांव के चारों तरफ नदी-नालों में पानी तो भरपूर है, लेकिन गांव के नलों में तीन दिन से एक बूंद नहीं टपकी है। उधर, जल शक्ति विभाग का तर्क लोगों के गले नहीं उतर रहा है। विभाग का कहना है नदी में पानी साफ होने पर ही आपूर्ति हो पाएगी। लोगों का कहना कि अगर नदी का पानी सीधा सप्लाई करना है, तो इतनी बड़ी पेयजल स्कीम में पेयजल फिल्टर का क्या औचित्य है। पनसाई पंचायत के उपप्रधान अरुण शर्मा का कहना है इसके पीछे विभाग की लापरवाही ही है। विभाग के कनिष्ठ अभियंता अश्वनी का कहना है कि जहां से यह पानी उठाया जाता है, वहां पानी मटमैला था, इस वजह से यह दिक्कत आई है। उन्होंने दावा किया कि मौसम साफ होने पर पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
बारीं में एनएच निर्माण के चलते गिरा डंगा और बिखरी पाइपें। जागरूक पाठक।
बारीं में एनएच निर्माण के चलते गिरा डंगा और बिखरी पाइपें। जागरूक पाठक।