अमर उजाला ब्यूरो
सुजानपुर (हमीरपुर)। खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की ओर से मंगलवार को सुजानपुर में विभिन्न खाद्य पदार्थों की टेस्टिंग की गई। विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर अरुण कुमार की अगुवाई में मुख्य बस स्टैंड पर मोबाइल टेस्टिंग वैन पहुंची। इस दौरान लोगों ने खुद अपने व्यापारिक प्रतिष्ठानों से पेय पदार्थ दूध, पानी, कोल्ड ड्रिंक, जूस आदि सैंपल की जांच करवाई। जांच के दौरान शहर में पिलाया जा रहा पानी पूरी तरह सही पाया गया। कोल्ड ड्रिंक्स, जूस और विशेष रूप से बेचा जा रहा गन्ने का जूस भी सही पाया गया है। जबकि एक ब्रांडेड कंपनी का दूध गुणवत्ता में सही नहीं पाया गया है। इसके साथ ही जो खुला दूध लोग घरों से लाकर बेच रहे हैं या खुद अपनी ही दुकानों में चाय एवं अन्य साधनों के तहत इसकी बिक्री कर रहे हैं, इस दूध की गुणवत्ता भी सही नहीं पाई।
इसमें दूध से ज्यादा पानी की मात्रा पाई गई है। अब भविष्य में इस पर कार्रवाई की जाएगी। इस पर विभागीय अधिकारी असिस्टेंट कमिश्नर अरुण कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि वर्तमान में विभाग जागरूकता अभियान के तहत लोगों को जागरूक कर रहा है। वहीं, इसके बाद आगामी माह में लगातार औचक निरीक्षण का कार्य शुरू होगा। वर्तमान में विभाग के पास दो एफएसओ की भर्ती हो गई है, जो आगामी माह से पूरी तरह अपना कार्यभार संभाल लेंगे। वर्तमान में उन्हें टेस्ट को लेकर ट्रेनिंग दी जा रही है। उन्होंने कहा कि टेस्टिंग लैब में करीब डेढ़ दर्जन सैंपल लिए गए हैं। इसमें पानी, जूस, कोल्ड ड्रिंक्स, दूध, गन्ने का रस टॉमेटो सॉस, चटनी आदि शामिल हैं। सब की गुणवत्ता जांची गई है। पानी के साथ-साथ अन्य उत्पाद सही है। दूध की गुणवत्ता सही नहीं है। इस पर भविष्य में सख्त कार्रवाई की जाएगी।