बिझड़ी (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के तहत बड़सर से शाहतलाई सड़क पर बनने वाले मसलाना डबललेन पुल का निर्माण कार्य अंतिम चरण पर है। इस पुल का निर्माण कार्य करीब साढ़े तीन वर्ष पहले शुरू किया गया था। कुछ दिनों में इसका कार्य पूरा होने वाला है। करीब 6 करोड़ 33 लाख की लागत से 48 मीटर लंबा पुल बनाया जा रहा है। बाबा बालक नाथ दियोटसिद्ध मंदिर में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बढ़ती जा रही है। बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालु इसी सड़क से मंदिर तक पहुंचते हैं।
पुराना पुल वन-वे होने के कारण यहां पर अकसर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। कई बार जाम लगने के कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनों की बड़ी-बड़ी लाइनें लग जाती हैं। इससे देश-विदेश से बाबा बालक नाथ के दर्शन करने के आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानियां झेलनी पड़ती हैं, लेकिन अब डबललेन पुल बन जाने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ श्रद्धालुओं को भी कोई परेशानी नहीं होगी। श्रद्धालुओं को जाम की समस्या से निजात मिलेगी। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग बड़सर के सहायक अभियंता अनिल शर्मा ने कहा कि मसलाना में डबललेन पुल का निर्माण कार्य शीघ्र ही पूरा होने वाला है। जल्द ही पुल पर वाहनों की आवाजाही भी शुरू हो जाएगी।