अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक सुविधा से जुड़ने में विश्वयुद्ध दो के सैनिक, शार्ट सर्विस कमीशन ऑफिसर (एसएससीओ), इमरजेंसी कमिश्नड ऑफिसर (ईसीओ), प्री मेच्योरी रिटायरी रुचि नहीं दिखा रहे हैं। हालांकि, ईसीएचएस सेंट्रल आर्गेनाइजेशन ने करीब दो माह पूर्व ही इन वर्ग के पूर्व सैनिकों को ईसीएचएस सुविधा से जोड़ा है। जिसकी बाकायदा अधिसूचना भी जारी हुई है, इसके बावजूद इन वर्गों का एक भी आवेदन अभी पॉलीक्लीनिक हमीरपुर में नहीं आया है। जानकारी के अभाव में इन वर्गों के पूर्व सैनिक इस सुविधा से वंचित रह रहे हैं। वार विडो के अलावा इन वर्गों के लोगों को ईसीएचएस लाभ लेने के लिए एकमुश्त सहयोग राशि देनी होगी।
जिसमें हवलदार तक को 30 हजार, जेसीओ तक को 67 हजार और सभी अधिकारियों को 1.20 लाख रुपये की सहयोग राशि देनी होगी। विश्व युद्ध दो और ईसीओ की 50 फीसदी सहयोग राशि आर्मी वेलफेयर फंड से दी जाएगी। इसमें पूर्व सैनिक स्वयं और उसकी पत्नी ही लाभार्थी होंगे। ईसीएचएस लाभ लेने के लिए उन्हें अन्य हेल्थ स्कीमों का लाभ छोड़ना होगा। संबंधित पूर्व सैनिक किसी अनुशासनात्मक कार्रवाई से न भेजा गया हो और वह रिटायर आया हो। जिले में ऐसे करीब तीन हजार लाभार्थी हैं, लेकिन ईसीएचएस सुविधा से जुड़ने के लिए वह रुचि नहीं दिखा रहे हैं। ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक हमीरपुर के ऑफिसर इंचार्ज कर्नल कृष्ण चंद ने सभी लाभार्थियों से जानकारी लेकर सुविधा लेने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि इन वर्गों को हाल ही में यह सुविधा शुरू हुई है, लेकिन अभी तक कोई आवेदन नहीं आया है।