हमीरपुर। ओवरलोडिंग पर परिवहन निगम के चालक ने सड़क पर बस खड़ी कर दी और करीब 15 मिनट तक रूट को ठप रखा। इस कारण जहां सवारियों को परेशानी हुई वहीं, रूट को भी देरी हुई। वीरवार सुबह भुआणा से हमीरपुर जाने वाली निगम की बस जब लंबलू पहुंची तो सवारियां उतारने के लिए चालक ने बस को खड़ा किया और इसके बाद करीब दो दर्जन सवारियां बस में और चढ़ गईं। इस कारण बस ओवरलोड हो गई। चालक ने ओवरलोड सवारियों को बस से उतरने के लिए कहा, लेकिन कोई नहीं उतरा। इसपर उसने लंबलू पुल के पास सड़क में ही बस खड़ी कर दी। करीब 15 मिनट तक चालक-परिचालक ने सवारियों को उतरने के लिए कहा।
इसके बाद सवारियां बस से उतरीं और चालक बस लेकर आगे रूट पर गया। ओवरलोडिंग के चलते लंबलू की सवारियों को इससे पहले जाने वाली बसों में भी नहीं बैठाया गया। इस कारण करीब ढाई दर्जन सवारियां लंबलू पुल के पास पहले से ही खड़ी थीं। जब यह बस वहां पहुंची तो कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों, छात्रों व अन्य लोगों ने इसमें चढ़ना शुरू कर दिया, क्योंकि कार्यालय का समय बीतता जा रहा था और यह बस करीब दस बजे हमीरपुर पहुंचाती है। लोगों में अजय कुमार, सुरेंद्र कुमार, कमलजीत, राजीव कुमार, मनोज ठाकुर आदि ने निगम प्रबंधन से लंबलू से हमीरपुर के लिए सुबह साढ़े नौ बजे बस सेेवा शुरू करने की मांग की है। पीछे आ रही दूसरी बस में आओ, करते-करते सभी बसों के परिचालक सवारियों को बैठाने में आनाकानी कर रहे हैं, इस चक्कर में कइयों की दिहाड़ी तो कइयों को कार्यालय में छुट्टी करनी पड़ रही है। आरएम विवेक लखनपाल का कहना है कि बस रोकने के बारे में कोई सूचना नहीं मिली है। स्टाफ की कमी के कारण अतिरिक्त बसें भेजने में दिक्कत आ रही है।