सुजानपुर (हमीरपुर)। जिला हमीरपुर में जनमंच कार्यक्रम इस बार कांग्रेस विधायक राजेंद्र राणा की गृह पंचायत पटलांदर में 7 जुलाई, रविवार को होगा। जनमंच कार्यक्रम में पंचायतीराज, ग्रामीण विकास एवं पशुपालन मंत्री वीरेंद्र कंवर मुख्यातिथि के रूप से शिरकत करेंगे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए शुक्रवार को बैठक एसडीएम शिवदेव सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इसबैठक में सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। शिवदेव सिंह ने बताया कि जनमंच कार्यक्रम पटलांदर में 7 जुलाई रविवार को सुबह 9 बजे से शुरू होगा। इसमें उपमंडल की 10 पंचायतें शामिल की गई हैं। इनमें ग्राम पंचायत सपाहल, पनोह, लंबरी, रंगड़, पटलांदर, चलोह, ठाणा-धड़बयाणा, डेरा, टिहरा, चमियाना शामिल हैं। एसडीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए बताया कि जनमंच कार्यक्रम लोगों की समस्याओं के निवारण के लिए रखा गया है। जो भी पंचायतें जनमंच कार्यक्रम के लिए चुनी गई हैं उन सभी पंचायतों के लोगों से समस्याओं के बारे में चर्चा करें और जनमंच कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए लोगों को जागरूक करें। इस मौके पर तहसीलदार सुजानपुर अशोक पठानिया, खंड विकास अधिकारी मनीष सोनी सहित अन्य मौजूद रहेंगे।