हमीरपुर। प्रदेश स्कूल लेक्चरर संघ ने स्कूलों में 25 फीसदी स्कूल प्रधानाचार्य की सीधी भर्ती करने के सरकार के निर्णय का विरोध किया है। संघ के प्रदेश प्रधान केसर सिंह ठाकुर, प्रांतीय प्रेस सचिव राजन शर्मा, राज्य उपाध्यक्ष विकास रतन, लोकेंद्र नेगी सहित अन्य पदाधिकारियों ने इसका कड़ा विरोध किया है। उन्होंने कहा कि लेक्चररों की प्रधानाचार्य पदोन्नति का कोटा 50 से 60 फीसदी करने की घोषणा सरकार ने की है। इसकी शीघ्र अधिसूचना जारी की जाए। पदाधिकारियों ने कहा कि संघ का एक प्रतिनिधिमंडल शीघ्र शिक्षा सचिव, शिक्षा निदेशक और सरकार से भेंट करेगा। संघ ने लेक्चररों की लंबित पड़ी मांगों को शीघ्र पूरा करने का आह्वान किया है।
उन्होंने लेक्चरर पद नाम बहाल करने के लिए सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने सरकार से आह्वान किया कि कर्मचारियों का मेडिकल भत्ता बढ़ाया जाए। मेडिकल भत्ता मात्र 400 रुपये मिल रहा है, जो बहुत काम है। पदाधिकारियों ने सरकार से इस विषय में शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है। संघ के प्रांतीय प्रेस सचिव राजन शर्मा ने प्रदेश के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में मिनिस्टर स्टाफ के खाली पद भरे जाने का भी आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के काफी स्कूलों में मिनिस्टर स्टाफ के पद खाली होने के कारण कार्यालय का कार्य भी लेक्चरर को करना पड़ता है। राजन ने कहा कि संघ का एक प्रतिनिधिमंडल शीघ्र अपनी लंबित मांगों को लेकर संघ के प्रदेश प्रधान केसर सिंह ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश के मुख्यमंत्री, शिक्षा सचिव और शिक्षा निदेशक से मुलाकात करेगा।