हमीरपुर। वन विभाग सर्कल हमीरपुर के तहत वन रक्षक के 12 पदों को भरने के लिए मंगलवार को शारीरिक परीक्षा शुरू हो गई। विभाग ने पहले दिन शारीरिक परीक्षा के लिए 800 अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड जारी किए थे लेकिन, इसमें सिर्फ 378 अभ्यर्थी ही शारीरिक परीक्षा के लिए मैदान में पहुंचे। इसमें 315 लड़के और 63 लड़कियां उपस्थित रहीं। बड़ू स्थित मैदान में आयोजित शारीरिक परीक्षा के पहले दिन सिर्फ 57 अभ्यर्थी मैदानी बाधा को पार कर सके। इन अभ्यर्थियों में 52 लड़के और 5 लड़कियां शामिल हैं। इस शारीरिक परीक्षा में खासकर अभ्यर्थी 100 मीटर दौड़ की बाधा पार नहीं कर सके। इन अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा के लिए हुआ है जोकि, 30 जून को आयोजित की जाएगी। इसके लिए शेड्यूल जारी किया जाएगा। शारीरिक परीक्षा पास करने के लिए अभ्यर्थी को 100 मीटर और 800 मीटर दौड़, ऊंचीकूद, लंबीकूद, ऊंचाई और भार की बाधा को पार करना है।
वन विभाग ने दूसरे दिन बुधवार को करीब 900 अभ्यर्थियों को शारीरिक परीक्षा के लिए बुलाया है। हमीरपुर सर्कल के तहत फॉरेस्ट गार्ड के 12 पद भरे जाने हैं। इन पदों को भरने के लिए शारीरिक परीक्षा हमीरपुर के बडू में स्थित मैदान में आयोजित की जा रही है। वन विभाग ने इसके लिए 9130 अभ्यर्थियों को ऑनलाइन एडमिट कार्ड जारी किए हैं। 22 जून को शारीरिक परीक्षा समाप्त होने के बाद 30 जून को लिखित परीक्षा होगी। सुबह 7:30 बजे शारीरिक परीक्षा शुरू हो रही है। इस संबंध में वन विभाग हमीरपुर की अतिरिक्त डीएफओ संगीता चंदेल ने कहा कि पहले दिन 57 अभ्यर्थियों ने शारीरिक परीक्षा पास की है। शारीरिक परीक्षा 22 जून तक आयोजित की जाएगी।