केवि नादौन के भवन के लिए राजस्व विभाग ने की निशानदेही
खबर छपने के बाद हरकत में आया विभाग, एक दिन में की पूरी निशानदेही
भवन के निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए 2020 तक रखी गई है समय सीमा
अमर उजाला ब्यूरो
नादौन (हमीरपुर)। केंद्रीय विद्यालय नादौन के भवन के लिए शुक्रवार को राजस्व विभाग ने भूमि की निशानदेही कर ली है। खबर छपने के बाद विभाग हरकत में आया। एक ही दिन में भूमि की निशानदेही पूरी करके सीमाएं तय कर दी हैं। शुक्रवार को नायब तहसीलदार कमलेश कुमार और विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी सीपीडब्ल्यूडी के एसडीओ संजीव शर्मा को साथ लेकर मौके पर पहुंचे और निशानदेही का काम निपटाया।
अब इस भूमि पर सीपीडब्ल्यूडी विभाग इसी माह केंद्रीय विद्यालय भवन का निर्माण कार्य शुरू कर देगा। एसडीओ संजीव शर्मा ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय संगठन की ओर से इस दो मंजिला भवन के निर्माण के लिए 13 करोड़ 4 लाख 40 हजार रुपये की राशि का प्रावधान किया गया है। इसी माह भवन और इसके चारों ओर लगने वाली चारदीवारी का काम शुरू किया जाएगा। इसे सितंबर 2020 तक पूरा करने की समय-सीमा रखी गई है। स्कूल में बास्केटबाल, बैडमिंटन सहित अन्य खेलों के लिए भी कोर्ट बनाए जाएंगे। आचार संहिता लगने से पहले सांसद अनुराग ठाकुर ने इस प्रस्तावित भवन का शिलान्यास किया था।
--