बिझड़ी (हमीरपुर)। विकास खंड बिझड़ी की आधा दर्जन पंचायतों में बीएसएनएल की ब्रॉडबैंड सेवाएं बीते एक माह से ठप पड़ी हैं। इससे क्षेत्र की पंचायतों बल्हविहाल, धंगोटा, भैल, समताना आदि में बीएसएनएल की सेवाएं प्रभावित रही हैं। सैकड़ों उपभोक्ता खासे परेशान हैं। जिन उपभोक्ताओं ने अपनी सिम बीएसएनएल में पोर्ट करवाई है, वह भी पछता रहे हैं। पंचायतों में ऑनलाइन कार्य करने में भी काफी दिक्कत आ रही है।
एक तरफ प्रधानमंत्री डिजिटल इंडिया की बात करते हैं, दूसरी ओर बीएसएनएल की ब्रॉडबैंड सेवा प्रभावित होने से कहीं न कहीं इस सपने को ठेस पहुंच रही है। इन इलाकों में लोगों को किसी प्रकार के ऑनलाइन लेन देन करने के लिए भी परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं, कार्यालयों का कार्य भी ब्राडबैंड और इंटरनेट सेवाएं ठप होने से प्रभावित हो रहा है। धंगोटा में स्थित सेंट्रल बैंक का कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इस संदर्भ में एसडीओ बीएसएनएल कार्यालय हमीरपुर रविंद्र कुमार का कहना है कि इन इलाकों में समस्या चल रही है। जल्द ही इसे ठीक करवा दिया जाएगा।