हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश स्कूल लेक्चरर संघ ने प्रदेश सरकार, शिक्षा सचिव, शिक्षा निदेशक से आग्रह किया है कि जिला ऊना, कांगड़ा, हमीरपुर और नालागढ़, नूरपुर सहित जिन जिलों या क्षेत्रों में भीषण गर्मी पड़ रही है, वहां स्कूलों की समयसारिणी में बदलाव किया जाए। संघ के प्रदेश प्रधान केसर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष विकास रतन, महासचिव संजीव ठाकुर, प्रांतीय प्रेस सचिव राजन शर्मा, जिला प्रधान संजीव पराशर, चेयरमैन विनोद बन्याल, जिला महासचिव संजीव सैनी ने बताया कि भीषण गर्मी से बच्चों को स्कूल में आवागमन के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्कूल समयसारिणी में बदलाव के लिए शीघ्र ही उच्च एवं एलीमेंटरी शिक्षा विभाग को ज्ञापन दिया जाएगा। प्रधान केसर सिंह, प्रांतीय प्रेस सचिव राजन शर्मा ने सरकार और शिक्षा विभाग से इस बारे में शीघ्र आदेश जारी करने का आग्रह किया है। राजन शर्मा ने कहा कि संबंधित जिलों में कई जगह समयसारिणी में बदलाव किया गया है जो सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे किया गया है, परंतु दोबारा समयसारणी में बदलाव किया जाए और इसे सुबह 7:30 से 12:30 बजे तक किया जाए। भीषण गर्मी के कारण बच्चों को भारी असुविधा हो रही है। प्रदेश के निचले इलाकों में तापमान बढ़ने से समयसारिणी में बदलाव जरूरी है। उन्होंने शिक्षा निदेशक, शिक्षा सचिव से इस विषय में शीघ्र उचित निर्देश जारी करने का आग्रह किया है।