भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए ब्यास नदी के ठंडे पानी में डुबकी लगाने उतरी वृद्ध महिला की डूबने से मौत हो गई। हादसा पुलिस थाना सुजानपुर के तहत स्थानीय दाड़ला पंचायत का है। 70 से 75 वर्षीय बताई जा रही मृतक महिला की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने सूचना मिलते ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उक्त महिला रविवार दोपहर को सुजानपुर की पंचायत दाड़ला में बने श्मशानघाट के पास पुंग में घूम रही थी। गर्मी के कारण महिला पुंग और ब्यास नदी के संगम स्थल पर पानी में उतर गई। इसी बीच वह गहरे पानी की ओर चली गई और आगे की ओर बहने लगी।
आसपास के लोगों ने जब रस्सियों से उसे पानी से बाहर निकाला तो वह मर चुकी थी। महिला ने स्लेटी रंग के कपड़े, कान में सोने की बालियां पहनी हुई थीं। महिला ने बालों पर मेहंदी भी लगाई हुई है। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेज दिया है।
थाना प्रभारी सुभाष शास्त्री ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। महिला का शव हमीरपुर के शव गृह में शिनाख्त व पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक महिला कौन है और कहां से आई है, इसका अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। निकटवर्ती थानों में वृद्ध महिला का शव मिलने संबंधी सूचना भेजी गई है।