नादौन में अल्ट्रासाउंड विशेषज्ञ की स्थायी तैनाती न होने से बढ़ रह मर्ज
लोगों को मजबूरन निजी प्रयोगशालाओं में करवाना पड़ रहा अल्ट्रासाउंड
क्षेत्र के लोगों ने विभाग से विशेषज्ञ की स्थायी तैनाती की उठाई मांग
अमर उजाला ब्यूरो
नादौन (हमीरपुर)। सरकार ने लाखों रुपये खर्च करके नादौन अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध करवा दी है लेकिन, इसे चलाने के लिए विशेषज्ञ की स्थायी तैनाती न होने से लोगों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। अल्ट्रासाउंड मशीन को चलाने के लिए पहले हमीरपुर से सप्ताह के हर बुधवार को विशेषज्ञ को नादौन अस्पताल भेजा जाता था। अब 15 दिन में केवल एक ही बार यह विशेषज्ञ यहां आते हैं। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रोगी तय तिथि पर सुबह से भूखे-प्यासे बैठकर विशेषज्ञ के आने का इंतजार करते हैं लेकिन, जब उन्हें किसी कारणवश विशेषज्ञ के न आने की सूचना मिलती है तो वह मायूस होकर लौट जाते हैं।
लोगों में राजीव कुमार, रमन कुमार, नानक चंद, जसवंत लाल, अशोक कुमार, नीरज कुमार, प्यार चंद, सजीव कुमार, संतोष कुमार, चमन लाल, रमेश चौधरी आदि ने कहा कि हमीरपुर सहित कांगड़ा और ऊना जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों से भी रोगी अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए नादौन अस्पताल पहुंचते हैं, लेकिन विशेषज्ञ की स्थायी तैनाती न होने से उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। लोग मजबूर होकर निजी प्रयोगशालाओं में अल्ट्रासाउंड करवा रहे हैं। उन्होंने विभाग से अस्पताल में विशेषज्ञ की स्थायी नियुक्ति करने की मांग उठाई है। उधर, बीएमओ नादौन डॉ. अशोक कौशल ने कहा कि उच्चाधिकारियों को स्थिति से अवगत करवाया गया है। शीघ्र ही यहां विशेषज्ञ की तैनाती करवाने का प्रयास किया जा रहा है।