हमीरपुर। प्रदेश भवन एवं सड़क निर्माण मजदूर यूनियन भोरंज ब्लॉक का सम्मेलन वीरवार को हुआ। इसका उद्घाटन सीटू के राष्ट्रीय सचिव डॉ. कश्मीर ठाकुर ने किया। उन्होंने दुनिया में बदलते आर्थिक, राजनीतिक हालातों और उसके मजदूरों पर पड़ने वाले प्रभाव पर प्रकाश डाला। सम्मेलन में पूरे ब्लॉक के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिनिधियों ने मजदूरों को पेश आ रही दिक्कतों पर चर्चा की। मनरेगा में दिन भर काम करने के बाद भी दिहाड़ी बहुत कम मिल रही है। कहीं पर तो 40-50 रुपये दैैनिक दिहाड़ी निकाली जा रही है।
इससे मजदूर ठगा सा महसूस कर रहे हैं। मनरेगा को एक सोची-समझी साजिश के तहत कमजोर किया जा रहा है। मनरेगा का कार्य लगने पर कभी मजदूरी समय पर नहीं मिलती है तो कभी सामग्री की अदायगी नहीं होती है। सम्मेलन में आए प्रतिनिधियों ने एक स्वर में मनरेगा को कमजोर करने के खिलाफ, मनरेगा में 200 दिन का काम और 600 रुपये दाम देने और मजदूरों के समक्ष आ रही दिक्कतों के लिए आंदोलन तेज करने का संकल्प लिया। सम्मेलन में 180 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस अवसर पर 65 सदस्य कमेटी का चुनाव किया गया।। इसमें 11 लोगों को पदाधिकारी चुना गया। इसमें उत्तम चंद को ब्लॉक अध्यक्ष, मंजना वर्मा को सचिव चुना गया। सम्मेलन में सीटू के जिला सचिव जोगिंद्र कुमार भी मौजूद रहे।