एथलेटिक्स में हमीरपुर बना ओवरआल उपविजेता
नालागढ़ में हुई प्रदेश स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता
प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने 16 स्वर्ण, 13 रजत और 6 कांस्य पदक किए अपने नाम
अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। प्रदेश एथलेटिक्स संघ की ओर से आयोजित प्रदेश स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में हमीरपुर के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर ओवरआल उपविजेता ट्रॉफी अपने नाम की। जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष पंकज भारतीय ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की अथक मेहनत, लगन से ही यह बेहतर परिणाम आना संभव हुआ है। जिला महासचिव संदीप डढवाल ने कहा कि प्रतियोगिता में हमीरपुर के खिलाड़ियों ने 16 स्वर्ण, 13 रजत और 6 कांस्य पदक अपने नाम किए। डढवाल ने कहा कि हमीरपुर जिला ने पहली बार ओवरआल उपविजेता की ट्रॉफी जीती है।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष जिला की टीम तीसरे स्थान पर रही थी और इस बार महज दो अंकों से विजेता बनने से चूक गई। इसमें टीम कोच तरपृष्ठ ठाकुर और मैनेजर अनिल शर्मा रहे। डढवाल ने कहा कि प्रतियोगिता में अंडर-14 में गुरसिमरन ने 100 मीटर और 600 मीटर में दो स्वर्ण पदक, बबिता ठाकुर ने भी 100 मीटर और 600 मीटर में दो स्वर्ण पदक, नमन ने लंबी कूद में स्वर्ण पदक जीता। अंडर-16 में कौस्तुब ने 100 और 200 मीटर में स्वर्ण पदक जीता, दिव्या वर्मा ने 100 और 200 मीटर में स्वर्ण पदक। अंडर-18 में 1500 मीटर में शिवाली ने स्वर्ण पदक जीता। नैंसी ने शॉटपुट में स्वर्ण पदक जीता। अंडर-20 लड़कों के वर्ग में रोहित ने लंबी कूद में स्वर्ण पदक, 800 मीटर में पीयूष ने स्वर्ण पदक जीता। महिला वर्ग में प्रिया ने 100 मीटर में स्वर्ण पदक हासिल किया।
---