नादौन (हमीरपुर)। उपमंडल के जलाड़ी गांव निवासी पूर्व केंद्रीय सचिव स्वास्थ्य एवं अनुसंधान विभाग भारत सरकार एवं पूर्व निदेशक जनरल इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च डॉ. वीएम कटोच को भारत सरकार ने पुडुचेरी के जवाहर लाल नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ पोस्ट मेडिकल रिसर्च का अध्यक्ष नियुक्त किया है। कटोच की इस नियुक्ति को लेकर उनके पैतृक गांव में प्रसन्नता की लहर है। डॉ. कटोच सेवानिवृत्ति के बाद भारत सरकार की ओर से वर्तमान समय में राजस्थान विश्वविद्यालय के अनुसंधान विभाग में बतौर नेशनल प्रोफेसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। भाई अरविंद कटोच ने बताया कि उनकी भाभी डॉ. किरन कटोच भी सेवानिवृत्ति के बाद बतौर नेशनल प्रोफेसर अपनी सेवाएं दे रही हैं।
डॉ. कटोच की बेटी डॉ. रोहिनी तथा उनके पति कर्नाटक में आईपीएस अधिकारी हैं। अरविंद ने बताया कि उनके भाई बचपन से ही पढ़ाई में काफी होशियार थे। उन्होंने जमा एक की परीक्षा नादौन स्कूल से पास करने के बाद पंजाब और हरियाणा के संयुक्त बोर्ड में टॉप किया था। उन्होंने 1974 में एमबीबीएस की पढ़ाई शिमला से की तथा 1978 में एमडी एम्स दिल्ली से की। वहीं, 1980 में अमेरिका तथा 1984 में लंदन से एडवांस प्रशिक्षण ग्रहण किया। 1978 में ही उनका चयन इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च की टैलेंट सर्च योजना के तहत जालमा इंस्टीट्यूट आगरा में हुआ और 2001 में वह इसी संस्थान के निदेशक चुने गए। डॉ. कटोच को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई महत्वपूर्ण सम्मान मिल चुके हैं।