हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश निजी स्कूल संचालक संघ ने निजी स्कूलों के निरीक्षण का विरोध करते हुए इस संबंध में मुख्यमंत्री और शिक्षा निदेशक को अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन बुधवार को उपनिदेशक उच्च शिक्षा हमीरपुर के माध्यम से भेज गया। जिसमें 22 अप्रैल को शिमला में शिक्षा निदेशक के घेराव की चेतावनी दी गई है।
संघ के अध्यक्ष डीआर वर्मा ने कहा कि जब सरकार की तरफ से निजी स्कूलों को कोई वित्तीय सहायता नहीं मिलती तो किस आधार पर यह निरीक्षण आनन-फानन में हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि न्यायालय के निर्देशानुसार निजी स्कूल फीस निर्धारित करने का अधिकार रखते हैं। बीते साल आठवीं कक्षा तक 25 फीसदी गरीब बच्चों को दाखिला दिया गया, लेकिन सरकार की ओर से स्कूलों को कोई वित्तीय सहायता प्रदान नहीं की गई। मेरिट में आए निजी स्कूलों के बच्चों को अभी तक निशुल्क लैपटॉप नहीं मिले हैं। वहीं, इस तरह के निरीक्षण से स्कूलों में दाखिला प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।