हमीरपुर। प्रदेश के विभिन्न विभागों में अनुबंध से नियमित हुए कर्मचारियों की बैठक रविवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल हमीरपुर में हुई। इसमें अनुबंध अध्यापक संघ के पूर्व अध्यक्ष राजेश जय सिंह पुरिया भी मौजूद रहे। बैठक में हिमाचल सर्व कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष पवन सैणी, प्रदेश विज्ञान अध्यापक संघ के कार्यकारी अध्यक्ष मनोज पाल सिंह परिहार, सचिव सुशील चौहान विशेष तौर पर उपस्थित रहे।
बैठक में उपस्थित सभी कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार से तुरंत प्रभाव से कमीशन और बैचवाइज प्रक्रिया से अनुबंध आधार पर नियुक्त कर्मियों को नियुक्ति की तिथि से वरिष्ठता देने की मांग की है। कर्मचारियों ने कहा कि प्रदेश सरकार ने चुनाव से पहले अनुबंध कर्मियों को वरिष्ठता देने का वायदा किया था लेकिन, दस माह बीतने पर भी अभी तक इस दिशा में सरकार की तरफ कोई कदम नहीं उठाया गया है। पुरिया और पवन सैणी ने कहा कि वह अपनी मांग को लेकर लगातार मुख्यमंत्री से मिल रहे हैं। हर बार आश्वासन मिलता रहा लेकिन, अभी तक धरातल पर कुछ भी नहीं हुआ। वहीं, मनोज पाल सिंह परिहार और सुशील ने कहा कि प्रदेश विज्ञान अध्यापक संघ की वरिष्ठता की इस मांग के लिए वह संघ के साथ हैं। प्रदेश सरकार सभी कर्मचारियों को नियुक्ति की तिथि से वरिष्ठता दे। इस दौरान नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें मनीष कुमार को अध्यक्ष, नरेश भारद्वाज को महासचिव, विजय शर्मा को वित्त सचिव, सुरेश कुमार धीमान को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, प्रदीप कुमार को सर्वसम्मति से उपाध्यक्ष चुना गया।