सुजानपुर (हमीरपुर)। त्योहारी सीजन शुरू होते ही जिला खाद्य आपूर्ति विभाग ने उपमंडल सुजानपुर में छापामारी शुरू कर दी है। जिला खाद्य आपूर्ति विभाग ने मंगलवार को सुजानपुर शहर में औचक निरीक्षण किया। सबसे पहले खाद्य पदार्थों की दुकानों में जांच की गई। विभागीय टीम की अगुवाई खुद जिला खाद्य नियंत्रक ने की। मंगलवार को विभाग की टीम सुजानपुर शहर में पहुंची और एकाएक दुकानों का निरीक्षण शुरू कर दिया।
मौके पर ही विभाग की टीम ने चार ढाबों से 4 घरेलू सिलिंडर जब्त किए हैं। इसके साथ ही घरेलू गैस सिलिंडर का इस्तेमाल वेल्डिंग कार्य के लिए करने पर इसे वेल्डर से भी जब्त किया। विभाग की इस कार्रवाई से पूरे शहर में हड़कंप मच गया और हर कोई बचाव के लिए फटाफट अपनी दुकानों से घरेलू गैस सिलेंडर गायब करने में लग गया। लेकिन, विभाग की टीम ने सख्त कार्रवाई करते हुए सुजानपुर शहर की हर एक दुकान, होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट आदि का निरीक्षण किया। उधर, जिला खाद्य नियंत्रक शिव कुमार राही ने बताया कि मंगलवार को सुजानपुर शहर में औचक निरीक्षण किया गया है। जिसमें चार ढाबा मालिकों के चार सिलिंडर और 1 वेल्डर से सिलिंडर जब्त किया गया है। जब्त किए गए सिलेंडर मालिकों को नोटिस जारी करके जिला कार्यालय में बुलाया गया है।