बिझड़ी (हमीरपुर)। उत्तरी भारत के प्रसिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में ज्येष्ठ रविवार को श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। मंदिर में माथा टेकने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगना शुरू हो गई। हिमाचल, पंजाब, हरियाणा सहित अन्य राज्यों के श्रद्धालुओं ने मंदिर में शीश नवाया। ज्येष्ठ रविवार होने के चलते मंदिर में काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर न्यास ने पुख्ता इंतजाम किए थे। श्रद्धालुओं के लिए मंदिर में लंगर सुविधा भी थी।
माथा टेकने के लिए श्रद्धालुओं ने घंटों लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार किया। इस दौरान पूरा मंदिर बाबा के जयकारों से गूंज उठा। वहीं शनिवार को भी बाबा के दरबार में सैकड़ों श्रद्धालु नतमस्तक हुए। इस संबंध में मंदिर अधिकारी प्रेम सिंह भाटिया ने कहा कि काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर में माथा टेका। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।