नादौन(हमीरपुर)। जिला हमीरपुर के 754 स्कूलों को सात लाख चौवन हजार और 49 व्यावसायिक शिक्षा वाले स्कूलों को नौ लाख अस्सी हजार रुपये की राशि जारी हुई है। जिला हमीरपुर को कुल 17 लाख 34 हजार रुपये की राशि जारी हुई है। आरएमएसए के प्रोजेक्ट समन्वयक सोमदत्त सांख्यान ने आरएमएसए के अंतर्गत जिला के 49 व्यावसायिक शिक्षा वाले स्कूलों को नौ लाख अस्सी हजार रुपये की राशि जारी करने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। एसएसए के जिला प्रोजेक्ट समन्वयक एवं उपनिदेशक देश राज भड़वाल ने जिला के 749 स्कूलों को 7 लाख 54 हजार रुपये की राशि जारी करने की स्वीकृति प्रदान की है।
डाइट के जिला परियोजना अधिकारी राजिंद्र पाल ने बताया कि एसएसए व आरएमएसए के तहत 17 लाख 34 हजार रुपये की राशि जिला हमीरपुर के स्कूलों को जारी कर दी गई है। व्यावसायिक शिक्षा वाले 49 स्कूलों को प्रति स्कूल 20 हजार रुपये की राशि शिक्षा खंडों को स्थानांतरित कर दी गई है। साथ में एसएसए के अंतर्गत 754 स्कूलों को एक हजार प्रति स्कूल को ब्लॉक स्तर पर बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी गई है। उन्होंने बीआरसीसी, बीपीओ संबंधी स्कूलों को उपरोक्त राशि हस्तांतरित करना सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने कहा कि डाइट की ओर से समय-समय पर इनका निरीक्षण किया जाएगा।