नादौन (हमीरपुर)।
नियमों की अवहेलना करने पर जिला खनन विभाग ने उपमंडल नादौन के एक स्टोन क्रशर पर ताला जड़ दिया। विभाग ने क्रशर को तुरंत प्रभाव से बंद करवा दिया है। मौके पर पहुंचे जिला खनन अधिकारी परमजीत सिंह ने राजस्व कर्मचारियों की मौजूदगी में स्टोन क्रशर में कई अनियमिताएं पाईं। इस पर जिला खनन अधिकारी ने इसे तुरंत प्रभाव से बंद करके नियमों की पूर्ति करने के आदेश दिए। जिला खनन अधिकारी का कहना है कि इस स्टोन क्रशर को दिए गए खनन क्षेत्र के लिए लगाए पिल्लर गलत पाए गए हैं।
नायब तहसीलदार कांगू रमेश चंद ने बताया कि जिला खनन अधिकारी की उपस्थिति में राजस्व विभाग ने मौके पर जाकर निशानदेही करवाई और इसमें कुछ कमियां पाई र्गइं। इन्हें पूरा करने के आदेश क्रशर मालिक को दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि खनन विभाग ने क्रशर पर तालाबंदी कर दी है। अगर क्रशर मालिक आवेदन करेगा तो विभाग इस पर दोबारा निशानदेही करेगा। क्रशर मालिक ने कहा कि क्रशर को बंद करने और चलाने की स्वीकृति देना सरकार का अधिकार है। जब क्रशर शुरू किया गया था तो मापदंड पूरे किए गए थे। प्रशासन एवं सरकार जैसे आदेश करेगी उनका पालन किया जाएगा।