भोरंज(हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाहन्वी की एनएसएस इकाई ने नेहरू युवा केंद्र हमीरपुर के सौजन्य से प्रवक्ता रसायन विज्ञान नरदेव सिंह की अध्यक्षता में देशभक्ति व राष्ट्र निर्माण विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया। इसमें राखी शर्मा, दिव्यांश शर्मा, शुभम शर्मा, कोमल शर्मा, पल्लवी शर्मा, प्रांजलि शर्मा व प्रियंका शर्मा ने भाग लिया।
सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्र प्रेम से राष्ट्र निर्माण में स्वंत्रता सेनानियों, आम भारतीय नागरिक व युवाओं की भूमिका की चर्चा करते हुए भविष्य में विकासशील भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में उनका क्या योगदान रहेगा, पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रधानाचार्य सुनील कुमार शामा ने सभी प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत विचारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत ही एक ऐसा देश है, जहां के नागरिक अपने देश को भारत माता के नाम से पुकारते हैं। इस कारण हर भारतीय की भावना खुद व खुद राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो जाती है। भाषण प्रतियोगिता में प्रवक्ता भौतिक विज्ञान कुलदीप कुमार, प्रवक्ता वाणिज्य देश राज शर्मा और प्रवक्ता इतिहास सुरजीत कुमार ने निर्णायक मंडल के रूप मे अपनी भूमिका निभाई। इस प्रतियोगिता में दिव्यांश शर्मा प्रथम, राखी शर्मा द्वितीय और शुभम व कोमल तीसरे स्थान पर रहे। इस अवसर पर पाठशाला अधीक्षक वीरेंद्र कुमार, वरिष्ठ सहायक भानु प्रताप, लिपिक रणबीर सिंह, सुनील कुमार, कुलदीप कुमार, अनीता ठाकुर और पुष्पा देवी आदि मौजूद रहे।