संवाद न्यूज एजेंसी
दियोटसिद्ध (हमीरपुर)। बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में चल रहे चैत्र मास मेलों के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। बुधवार को बालयोगी के दरबार में लगभग 15 हजार श्रद्धालुओं ने शीश नवाया और बाबा का आशीर्वाद लिया।
चैत्र मास मेले के चलते बाबा बालक नाथ में उमड़ रही भक्तों की भीड़ दिनभर मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन करती रही। वहीं, श्रद्धालुओं ने लाइनों में लगकर पवित्र गुफा के दर्शन किए। इस दौरान पौणाहारी के जयकारों से परिसर गूंजता रहा।
दियोटसिद्ध में 18 मार्च को हुई चढ़ावे की गणना में बाबा जी की पवित्र गुफा में श्रद्धालुओं ने कुल 31 लाख पांच हजार 667 रुपये की नगद राशि चढ़ावे के रूप में चढ़ाई। इसके साथ ही श्रद्धालुओं ने 3 ग्राम 340 मिलीग्राम सोना तथा 43 ग्राम 405 मिलीग्राम चांदी भी बाबा जी के चरणों में समर्पित की।
विदेशी मुद्रा के रूप में भी श्रद्धालुओं की आस्था देखने को मिली, जिसमें 45 इंग्लैंड पाउंड, 243 अमेरिकी डॉलर, 125 यूरो, 235 कनाडाई डॉलर, 1915 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर, 10 यूएई दिरहम, 44 कतर रियाल, 50 न्यूजीलैंड और 10 सिंगापुर डॉलर शामिल हैं।
मंदिर अधिकारी केशव कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए न्यास प्रशासन पूरी तरह वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन द्वारा बेहतर और सुचारू व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।