दियोटसिद्ध(हमीरपुर)। उत्तर भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में रविवार को 15 हजार श्रद्धालु नतमस्तक हुए। सुबह 4:30 बजे आरती के बाद मंदिर के कपाट दर्शन के लिए खोले गए।
दिनभर श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन के साथ पौणाहारी का गुणगान किया। मौसम खराब होने के बाद भी मंदिर के साथ निजी सरायों में भी बुकिंग फुल रही। दर्शनों को लेकर श्रद्धालु शनिवार को ही दियोटसिद्ध पहुंच गए थे। दिनभर बालयोगी का दरबार और पवित्र गुफा पौणाहारी-दूधाधारी के जयकारों से गूंजता रहा। मंदिर में देर शाम तक हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा की पवित्र गुफा में शीश नवाकर सुख-समृद्धि की कामना की। रविवार को बाबा बालक नाथ का दिन माना जाता है। ऐसे में रविवार को मंदिर में हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर न्यास की ओर से मंदिर को 24 घंटे खुला रखा गया। श्रद्धालुओं ने मंदिर में लंगर में प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कर्मचारियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।