हमीरपुर। जिले में बिजली बिल जमा नहीं करने वालों उपभोक्ताओं के खिलाफ बिजली बोर्ड ने सख्त रुख अपनाया है। करीब एक महीने में 1491 बिजली मीटर कनेक्शन अस्थाई रूप से काटे जा चुके हैं।
यह प्रक्रिया फरवरी महीने से शुरू की गई है। लंबे समय से बकाया बिल नहीं चुकाने वाले उपभोक्ताओं पर यह कार्रवाई की गई है। बिजली बोर्ड की ओर से उपभोक्ताओं से भी अपील की गई है कि वे जल्द से जल्द बिजली बिलों का भुगतान करें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जानकारी के मुताबिक जिले में करीब 1 लाख 72 हजार घरेलू बिजली कनेक्शन हैं। इनमें से बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं पर बिजली बिल का लाखों रुपये बकाया चल रहा है। बार-बार नोटिस भेजने और अपील के बावजूद जब उपभोक्ताओं ने बिल जमा नहीं करवाया, तो बिजली बोर्ड ने कनेक्शन काटने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
बिजली बोर्ड ने इसकी सूची तैयार की और नोटिस जारी किए। करीब एक हजार से अधिक उपभोक्ताओं ने बिलों की अदायगी नहीं की थी। नोटिस जारी कर इन्हें एक सप्ताह के भीतर बिजली बिलों की राशि का भुगतान करने के लिए कहा गया था। कई उपभोक्ताओं ने बिजली बिल जमा करवा दिया, लेकिन जिन उपभोक्ताओं ने लंबे समय से बिजली बिलों का भुगतान नहीं किया, उनके मीटर कबेक्शन अस्थाई रूप से काटना शुरू कर दिए।
इस प्रकार अब तक करीब 1491 बिजली मीटर कनेक्शन काटे जा चुके हैं। हालांकि इसके बाद 600 से अधिक उपभोक्ताओं ने बिजली बिल अदा कर मीटर कनेक्शन बहाल करवा लिए हैं। बिजली बोर्ड ने उपभोक्ताओं को चेतावनी दी है कि यदि उपभोक्ताओं ने लंबे समय तक भुगतान नहीं किया, तो कनेक्शन स्थाई तौर पर काट दिया जाएगा।
बॉक्स
जल शक्ति विभाग का करीब 45 करोड़ रुपये बिल लंबित
बिजली बोर्ड के पास सरकारी कार्यालयों का बिजली बिल लंबित हैं। इनमें सबसे अधिक बिजली बिल जल शक्ति विभाग का है। जल शक्ति विभाग ने करीब 45 करोड़ रुपये बिजली बिल के रूप में देने हैं। हालांकि कई अन्य सरकारी कार्यालय भी हैं, जिनके बिजली बिल लंबित हैं। इस घरेलू बिजली उपभोक्ताओं का कहना है कि बिजली बोर्ड सामान्य उपभोक्ताओं के बिल अदायगी न करने पर तुरंत मीटर कनेक्शन काट रहा है, लेकिन सरकारी कार्यालयों के बिजली बिल कई महीनों से लंबित हैं, उन पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती।
कोट
बिजली बिल जमा नहीं करने पर उपभोक्ताओं के बिजली मीटर कनेक्शन काटे जाते हैं। यह नियमित प्रक्रिया है। उपभोक्ताओं को बिजली बिलों का जल्द से जल्द भुगतान करना चाहिए।
-आशीष कपूर, एसई, बिजली बोर्ड हमीरपुर