प्रोजेक्टरों के माध्यम से विद्यार्थियों को कराई जाएगी ऑनलाइन पढ़ाई
छठी से बारहवीं कक्षा तक का पाठ्यक्रम है ऑनलाइन अपलोड
शैक्षणिक सत्र 2023-24 में स्कूलों को समग्र शिक्षा के तहत मिले हैं प्रोजेक्टर
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिला के 144 स्कूलों में विद्यार्थियों को क्यान प्रोजेक्टर के माध्यम से पढ़ाई करवाई जाएगी। स्कूलों को समग्र शिक्षा के तहत शैक्षणिक सत्र 2023-24 में दो-दो क्यान प्रोजेक्टर जारी हुए हैं। अब क्यान प्रोजेक्टरों के सही संचालन के लिए खंड स्तर पर शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि विद्यार्थियों को ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई करवाई जा सके। क्यान प्रोजेक्टरों में छठी से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों का पाठ्यक्रम ऑनलाइन अपलोड है। ऐसे में स्कूल स्तर पर विद्यार्थियों को पढ़ाई कराने के लिए शिक्षकों को परेशानी हो रही थी। प्रोजेक्टरों का सही प्रयोग कराने के लिए शिक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
समग्र शिक्षा के तहत प्रदेश के 2248 स्कूलों जबकि जिला हमीरपुर के 144 माध्यमिक स्कूलों को बीते शैक्षणिक सत्र में विद्यार्थियों को ऑनलाइन माध्यम से पाठ्यक्रम पढ़ाने के लिए क्यान प्रोजेक्टर जारी हुए थे ताकि स्कूल स्तर पर विद्यार्थी ऑनलाइन माध्यम से रोचक तरीके से पाठ्यक्रम को पढ़ सके। ऐसे में अब समग्र शिक्षा के तहत ही स्कूलों को प्रोजेक्टर चलाने के बारे में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। जिसके लिए खंड स्तर पर अलग-अलग आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर शीघ्र ही तिथियां निर्धारित की जाएगी। प्रशिक्षण लेने के बाद स्कूल शिक्षक आसानी से स्कूलों में विद्यार्थियों को पढ़ाई करवा सकेंगे।
कोट
इस बारे में जिला शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान गौना करौर के मीडिया प्रभारी संदीप कौशल ने कहा 144 स्कूलों के शिक्षकों को क्यान प्रोजेक्टर चलाने के बारे में प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि स्कूलों में विद्यार्थियों को ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई करवाई जा सके।