नादौन (हमीरपुर)। बाजार में अनाधिकृत तौर पर रेहड़ी-फड़ी लगा रहे लोगों को नगर पंचायत प्रशासन ने सोमवार को हटा दिया है। रेहड़ी-फड़ी वालों ने इस कार्रवाई का विरोध किया लेकिन, उन्हें नगर पंचायत कार्यालय में बुला कर दो टूक कह दिया गया कि वह अब बाजार में इस तरह से सड़क पर अपनी रेहड़ी नहीं लगा सकते हैं। कई रेहड़ी-फड़ी वालों ने अपना सामान खुद ही हटा लिया। सोमवार सुबह नगर पंचायत के कार्यकारी सचिव देशराज चौधरी की अगुवाई में टीम ने रेहड़ी फड़ी वालों पर कार्रवाई कर उन्हें बाजार से हटा दिया है।
देशराज चौधरी ने स्वयं पूरे बाजार में सभी दुकानदारों को इस संबंध में सहयोग करने के लिए कहा। उन्होंने दुकानदारों से कहा कि वह बाजार मार्ग पर लगाई गई पीली रेखा का पालन करें और इसके बाहर अपनी दुकानों का सामान बढ़ा कर न लगाएं। उन्होंने चेतावनी दी है कि जो भी दुकानदार इन नियमों का उल्लंघन करेगा, उसका दुकान के आगे लगा सामान जब्त कर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बाजार में लोगों की आवाजाही में कोई रुकावट न हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए रोजाना बाजार का निरीक्षण किया जाएगा। देशराज ने कहा कि कि योजना बनाई जा रही है कि बाजार में लगने वाली सब्जी आदि की रेहड़ियों को शहर के अपर बाजार में स्थित कृषि विभाग के डिपो, पुराना कांगड़ा बैंक भवन के पास या एनएच किनारे बस अड्डे के निकट बैठाया जाए। इसके लिए भूमि की पैमाइश करवाई जाएगी। शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे।