हमीरपुर। जिले हमीरपुर के सभी स्कूलों में पढ़ाई को सुचारु रूप से चलाने के लिए विभाग की ओर से निर्देश दिए गए हैं। स्कूलों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई है। एक शिक्षक के न आने पर दूसरे शिक्षक को कक्षा लेने के आदेश दिए गए हैं। स्कूलों में पढ़ाई को लेकर अब विभाग कोई भी ढील बरतना नहीं चाहता है। पिछले कुछ दिनों से स्कूलों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हुए हैं।
स्कूलों में वार्षिक परीक्षाओं के लिए ज्यादा समय नहीं बचा है। पढ़ाई के लिए यह समय काफी महत्वपूर्ण होता है। इसके लिए विभाग ने कमर कस ली है। विभाग की ओर से स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि वह कार्यक्रमों के साथ पढ़ाई पर पूरी तरह ध्यान दें ताकि, बच्चों की पढ़ाई पर कोई असर न पड़े। बारिश के कारण स्कूलों में छुट्टियां, स्वच्छता पखवाड़ा आदि कई ऐसे कार्यक्रम हैं, इनसे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई है। इस संबंध में उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक हमीरपुर सोमदत्त सांख्यान ने कहा कि स्कूलों को पढ़ाई सुचारु रूप से चलाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि, वार्षिक परीक्षाओं में बच्चों को कोई परेशानी न हो।