जाहू (हमीरपुर)। 132 केवी बिजली सब स्टेशन को जोड़ने वाले बिजली के खंभे से अचानक करंट लगने के कारण दो पालतू सूअरों की मौत हो गई है। खंभे में आ रहे करंट से लोगों में दहशत का माहौल है।
भोरंज उपमंडल की जाहू पंचायत के वार्ड नंबर सात के जगदीश चंद सुनैहल खड्ड किनारे शेड बनाकर सूअर पालन का कार्य कर रहा है। बिजली बोर्ड ने 132 केवी सब स्टेशन और 32 केवी सब स्टेशन नाल्टू-मनोह से मुख्य लाइन सुनैहल खड्ड किनारे डाली है।
बारिश की वजह से बिजली की लाइन में अचानक करंट आ गया। इससे खुले छोड़े गए दो सूअर इसकी चपेट में आ गए। जाहू पंचायत प्रधान राजू ने कहा कि खंभे से करंट लगने से दो सूअरों की मौत हो गई है। पंचायत प्रधान ने प्रशासन से जगदीश चंद को आर्थिक मदद देने की मांग की है। उधर, बिजली उपमंडल भरेड़ी के एसडीओ नरेश कौशल का कहना है कि सूअरों की मौत सौर ऊर्जा प्लांट को जाने वाली लाइन के पोल के पास हुई है। सौर ऊर्जा प्लांट की लाइन जोकि 132 केवी को जाती है उसका रखरखाव सौर ऊर्जा प्लांट कंपनी की ओर से स्वयं किया जाता है।
----