भोरंज(हमीरपुर)। उपमंडल की ग्राम पंचायत लुद्दर महादेव में शराब का ठेका खोलने का विरोध शुरू हो गया है। इलाके की महिलाओं ने आबकारी एवं कराधान विभाग के खिलाफ रोष प्रकट किया। शराब के ठेके के विरोध में शनिवार को जिला परिषद सदस्य अंकुश सैनी की अध्यक्षता में महिला मंडलों ने एसडीएम भोरंज को ज्ञापन सौंप कर ठेके को हटाने की मांग की। इस मौके पर महिला मंडल भजलाह की प्रधान सलोचना, महिला मंडल खतनाल की प्रधान शकुंतला और महिला मंडल छतर कलां की प्रधान निशा के साथ महिलाओं और ग्रामीणों ने कहा कि लुद्दर महादेव में शराब ठेके के साथ पंचायत घर, सरकारी स्कूल का रास्ता, एक निजी स्कूल और शिव मंदिर का गेट है।
उन्होंने कहा कि यहां शाम के समय शराबियों का जमावड़ा लग जाता है। जिससे महिलाओं को रास्ते पर चलना मुश्किल हो जाता है। महिलाओं ने कहा कि दिन के समय यहां बच्चे स्कूल के लिए आते-जाते हैं। जिससे उन पर भी बुरा प्रभाव पड़ता है। सभी महिलाओं ने प्रशासन से शराब के ठेके को वहां से हटाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर शराब का ठेका यहां से हटाया नहीं गया तो वह प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर होंगी। इस संबंध में एसडीएम भोरंज विजय कुमार ने कहा कि वह मंगलवार को मौके का दौरा करेंगे।