जाहू(हमीरपुर)। हिमाचल प्रदेश कोर्फबाल संघ की बैठक जाहू में संघ के महासचिव एवं अंतरराष्ट्रीय रेफरी बंशी राम सुमन की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस मौके पर हिमाचल प्रदेश कोर्फबाल संघ ने किन्नौर और लाहौल-स्पीति में भी इस खेल को पहुंचाने का निर्णय लिया है। इसके लिए सरकारी व निजी स्कूलों के शारीरिक शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इस के लिए कोर्फबाल संघ के पदाधिकारी इन जिलों का शीघ्र ही दौरा करेंगे। बैठक में मंडी जिला के सरकाघाट में हुई सब जूनियर, जूनियर व सीनियर वर्ग की प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर सभी कमेटियों का आभार प्रकट किया। इस मौके पर संघ ने कोर्फबाल खेल को बढ़ावा देने के लिए सभी सदस्यों से सुझाव दिए।
इस दौरान पूर्व सरकार के कार्यकाल में स्कूली खेलों में प्रदेश की टीम राष्ट्रीय स्कूली खेलों में न भेजने की निंदा की गई। संघ के महासचिव बंशी राम सुमन ने कहा कि हमीरपुर, मंडी, कुल्लू व बिलासपुर जिला कोर्फबाल खेल का हब बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसी तरह अन्य जिलों में कार्य करने की आवश्यकता है। बंशी ने कहा कि पिछले दो सालों से संघ को युवा सेवाएं खेल विभाग से कोई आर्थिक मदद नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। इस दौरान संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त सहायक निदेशक प्रारंभिक शारीरिक शिक्षा एसआर राठौर, उपाध्यक्ष सतीश शर्मा, आरआर शर्मा, सचिव देवदत्त प्रेमी, प्रेस सचिव पवन रांगड़ा, चंबा के सचिव विनोद कुमार, कुल्लू से दत्तराम, हमीरपुर से प्रवीण शर्मा, विदेश पालसरा, इंद्र सिंह, दलीप सिंह, रमेश ठाकुर, अनिल शर्मा और बालकृष्ण व अन्य उपस्थित रहे।