भोरंज(हमीरपुर)। सिविल अस्पताल भोरंज के लैब तकनीशियन और डेंटल हाइजिनिस्ट की चुनावी ड्यूटी होने के कारण लोगों को लैब और डेंटल संबंधी समस्याओं का उपचार नहीं मिल पा रहा है। लैब तकनीशियन के चुनावी ड्यूटी पर होने के कारण लोगों को प्राइवेट लैबों में महंगे दामों पर अपने टेस्ट करवाने पड़ रहे हैं। जिस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अस्पताल पहुंचे मरीजों में विनोद कुमार, गीता देवी, राकेश कुमारी आदि का कहना है कि वह दो नवंबर को अस्पताल में लैब टेस्ट करवाने आए थे, लेकिन कर्मचारी के न होने से उनका टेस्ट नहीं हो पाया। जिस कारण उन्हें प्राइवेट लैब में ज्यादा पैसे देकर टेस्ट करवाना पड़ा। लोगों ने इन कर्मचारियों की नियुक्ति अस्पताल में करने की मांग की है। इस बारे में बीएमओ भोरंज डॉ. ललित कालिया का कहना है कि इस बारे एसडीएम भोरंज को अवगत करवा दिया गया है। उधर, एसडीएम भोरंज नरेंद्र चौहान का कहना है कि उपायुक्त ही चुनावी ड्यूटी के बारे में कुछ निर्णय ले सकते हैं।