नादौन (हमीरपुर)। स्थानीय कस्बे के तहत अंब मार्ग पर भारतीय स्टेट बैंक के पास कार में बैठे दो युवकों पर एक लावारिस बैल ने शीशा तोड़कर हमला कर दिया। कार सवार दो भाइयों पर लावारिस बैल ने हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया है। घायल भाइयों को नादौन अस्पताल ले जाया गया। जहां उन्हें प्राथमिक उपचार देकर घर भेज दिया गया है। जिले में लावारिस पशुओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। अमित और उसका भाई दीपक निवासी नादौन ने कहा कि वह कार में वीरवार को अन्य दोस्तों के साथ अंब सड़क पर जा रहे थे कि भारतीय स्टेट बैंक के पास कार की गति धीमी होते ही पास चल रहे एक बैल ने उनकी कार पर हमला कर दिया। इससे कार चालक की तरफ का शीशा टूट गया।
अमित ने कहा कि बैल ने पूरे जोर से अपने सींग चालक की ओर के शीशे पर दे मारे और उसका सिर कार के अंदर आ गया। इससे एक सींग उसके पेट में लग गया। वहीं इस हमले में उसके भाई के नाक और सिर पर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने बैल को वहां से भगाया। इसके बाद लोग दोनों भाइयों को नादौन अस्पताल ले गए। जहां उन्हें प्राथमिक उपचार घर भेज दिया गया है। इस संबंध में डॉ. बीएस राणा ने कहा कि घायल दोनों भाइयों को उपचार देकर घर भेज दिया गया। वहीं, पुलिस थाना नादौन के प्रभारी महेंद्र परमार ने कहा कि उनके पास ऐसी कोई सूचना नहीं आई है।