हमीरपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त हमीरपुर डॉ. रिचा वर्मा की अध्यक्षता में बैंक अधिकारियों के साथ बैठक का आयोजन शनिवार को किया गया। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त रतन गौतम सहित जिला मुख्यालय स्थित सभी बैंकों की शाखाओं के प्रबंधक और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
उपायुक्त ने कहा कि लोकसभा निर्वाचन 2019 के अंतर्गत निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होने तक सभी बैंक व्यक्तिगत खातों से संदिग्ध लेन-देन पर कड़ी नजर रखें। किसी भी ऐसे व्यक्तिगत खाते में जिसमें पिछले दो माह से एक लाख रुपये से अधिक की जमा अथवा निकासी न हुई हो और अचानक इस तरह का असामान्य लेन-देन हो, तो इस पर कड़ी नजर रखें।
किसी निर्वाचन क्षेत्र में एक बैंक खाते से आरटीजीएस के माध्यम से बहुत सारे व्यक्तिगत बैंक खातों को असामान्य रूप से राशि हस्तांतरित होने पर उन्हें भी निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान संदिग्ध लेन-देन की श्रेणी में रखें। इसके अतिरिक्त उम्मीदवार के व्यक्तिगत खाते, उनके जीवनसाथी अथवा आश्रितों जो कि उनके शपथपत्र में दर्शाए गए हैं, उनके खातों में एक लाख से अधिक का लेन-देन, किसी राजनीतिक दल के खाते में एक लाख से अधिक राशि जमा या निकासी और अन्य किसी तरह का संदिग्ध नकद लेन-देन जो कि मतदाताओं को लुभाने में उपयोग में लाए जाने की संभावना हो, उस पर सभी बैंक पैनी नजर रखें। सभी बिंदुओं पर बैंक दैनिक आधार पर प्रतिवेदन तैयार करें और अग्रणी जिला प्रबंधक के माध्यम से जिला निर्वाचन अधिकारी, नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त को भी इसे भिजवाना सुनिश्चित करें।