भोरंज (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के बूल्हा मनोह की सुनैहल खड्ड में अंधाधुंध अवैध खनन से यहां के बाशिंदे परेशान हैं। खनन माफिया लोगों की मलकीयत जमीन को भी नहीं छोड़ रहा है। अवैध खनन के कारण खड्ड के साथ लगती लोगों की करीब 15 कनाल जमीन बीते पांच वर्षों में पानी के बहाव के साथ बह चुकी है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत उपायुक्त हमीरपुर और एसडीएम भोरंज को भी लिखित रूप में दी है।
इसके अलावा ग्रामीणों ने विधायक कमलेश कुमारी को भी इस बारे में अवगत करवाया है। गांव के साथ लगती खड्ड में अवैध खनन पर कोई कार्रवाई न होने से खननकारियों के हौसले बुलंद हैं। लोगों ने कहा कि जब तक क्षेत्र में अवैध खनन बंद नहीं होगा लोग इसके विरोध में लगे रहेंगे। ग्रामीणों में कश्मीरा देवी, सुशीला देवी, संतोष, बीडीसी सदस्य रंजना देवी, चंपा देवी ने कहा कि अगर प्रशासन ने अवैध खनन की समस्या पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो लोग लोकसभा चुनावों का बहिष्कार करेंगे। इसके लिए ग्रामीणों ने बैठक भी की है।